सिरसा से पूर्व सांसद अशोक तंवर अपना राजनीतिक दल बनाने की राह पर हैं। जानकारी है कि अशोक तंवर 25 फरवरी को दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में नए मोर्चा का ऐलान करेंगे। 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान समर्थकों को टिकट नहीं मिलने से नाराज अशोक तंवर ने पार्टी छोड़ दी थी। अशोक तंवर कांग्रेस पार्टी के हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष रह चुके हैं साथ ही ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव रह चुके हैं। तंवर कांग्रेस युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं।
कांग्रेस पार्टी से अलग होने के दो साल बाद अब अशोक तंवर नई राजनीतिक पारी खेलने को तैयार हैं। 25 फरवरी को मावलंकर हाल में आयोजित कार्यक्रम में अपनी नई रणनीति का ऐलान करेंगे। इस दौरान वह नई राजनीतिक पार्टी के नाम का ऐलान करेंगे। कार्यक्रम में देशभर में 25 से अधिक शहरों में वेबीनार के जरिये समर्थकों के अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की जानकारी समर्थकों ने दी है। मुख्य कार्यक्रम दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, उतराखंड व उतरप्रदेश में आयोजित किए जाएंगे। हरियाणा की बात करें तो चंडीगढ़ के अलावा भिवानी, महेंद्रगढ़ सहित अधिकांश बड़े शहरों में अशोक तंवर समर्थक जुड़ेंगे। दिल्ली में मुख्य कार्यक्रम करने के पीछे उनकी राष्ट्रीय राजनीति में नए मोर्चा की मौजूदगी का अहसास करवाने की सोच है। हालांकि अभी उन्होंने अपनी रणनीति का खुलासा नहीं किया है पर आने वाले समय में हरियाणा में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को भी तलाशा जा सकता है।
बता दें कि 2019 के विधानसभा चुनावों में अशोक तंवर ने उनके समर्थकों को टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर न केवल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद से त्याग पत्र दे दिया था, बल्कि कांग्रेस को ही अलविदा कर दिया था। तभी से ही कयास लगाए जा रहे थे कि अशोक तंवर नई पार्टी का गठन करेंगे। अशोक तंवर के समर्थकों का कहना है कि उनका फोकस केवल हरियाणा न होकर राष्ट्रीय राजनीति पर रहेगा।
गौतलब है कि अशोक तंवर का नाम उन नेताओं में शामिल किया जाता है जो दलित समाज से होने के बावजूद तमाम वर्गों में काफी लोकप्रिय हैं। अशोक तंवर जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र भी हैं, जहां से उन्होंने इतिहास विषय में एम.ए, एम.फिल और पीएच.डी की डिग्री ली है। अशोक तंवर की नई राजनीतिक पारी के बाद न सिर्फ हरियाणा प्रदेश की सियासत बदलने की उम्मीद जताई जा रही है, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी वह मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश जरूर करेंगे।
दलित दस्तक (Dalit Dastak) एक मासिक पत्रिका, YouTube चैनल, वेबसाइट, न्यूज ऐप और प्रकाशन संस्थान (Das Publication) है। दलित दस्तक साल 2012 से लगातार संचार के तमाम माध्यमों के जरिए हाशिये पर खड़े लोगों की आवाज उठा रहा है। इसके संपादक और प्रकाशक अशोक दास (Editor & Publisher Ashok Das) हैं, जो अमरीका के हार्वर्ड युनिवर्सिटी में वक्ता के तौर पर शामिल हो चुके हैं। दलित दस्तक पत्रिका इस लिंक से सब्सक्राइब कर सकते हैं। Bahujanbooks.com नाम की इस संस्था की अपनी वेबसाइट भी है, जहां से बहुजन साहित्य को ऑनलाइन बुकिंग कर घर मंगवाया जा सकता है। दलित-बहुजन समाज की खबरों के लिए दलित दस्तक को ट्विटर पर फॉलो करिए फेसबुक पेज को लाइक करिए। आपके पास भी समाज की कोई खबर है तो हमें ईमेल (dalitdastak@gmail.com) करिए।