प्रसिद्ध कवि और पर्यावरण कार्यकर्ता डॉ. मुकेश गौतम को महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी द्वारा “मातृभूमि भूषण सम्मान- 2021” से सम्मानित किया गया। डॉ. मुकेश गौतम को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे रचनात्मक कार्यों के लिए दिया गया है। हिंदी अकादेमी; मुम्बई द्वारा आयोजित समारोह में तीनों सेनाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैन्य अधिकारियों, समाज सेवा, साहित्य, तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को भी राज्यपाल ने सम्मानित किया।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि जब भी राष्ट्र के सामने कोई संकट आता है तो हमारे देश के सभी लोग मिलकर उसका मुकाबला करते हैं, और सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से भी निपटने में हमारे देश के लोगों ने केंद्र तथा राज्य सरकारों के साथ मिलकर सराहनीय कार्य किया है। पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में सभी पुरस्कार प्राप्त कर्ताओं को बधाई दी और कहां कि जो लोग समय पर राष्ट्र और समाज के लिए अच्छा कार्य करते हैं वही लोग अन्य लोगों के प्रेरणा स्रोत बनते हैं।
उल्लेखनीय है कि डॉ. मुकेश गौतम पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लंबे समय से महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अभी तक पूरे देश में तीस हजार पेड़ लगाए हैं। पेड़ विषय पर उन्होंने कई पुस्तकों का लेखन भी किया है। उनकी पुस्तकों का अनेक भाषाओं में अनुवाद भी प्रकाशित हुआ है। वृक्ष संरक्षण विषय पर उनका आंदोलन “वृक्ष बचाओ-विश्व बचाओ” काफी चर्चित रहा है। हिंदी अकादमी, मुंबई के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पांडेय ने भी सम्मान समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन आलोक चौबे ने किया।

दलित दस्तक (Dalit Dastak) साल 2012 से लगातार दलित-आदिवासी (Marginalized) समाज की आवाज उठा रहा है। मासिक पत्रिका के तौर पर शुरू हुआ दलित दस्तक आज वेबसाइट, यू-ट्यूब और प्रकाशन संस्थान (दास पब्लिकेशन) के तौर पर काम कर रहा है। इसके संपादक अशोक कुमार (अशोक दास) 2006 से पत्रकारिता में हैं और तमाम मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। Bahujanbooks.com नाम से हमारी वेबसाइट भी है, जहां से बहुजन साहित्य को ऑनलाइन बुक किया जा सकता है। दलित-बहुजन समाज की खबरों के लिए दलित दस्तक को सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलो करिए। हम तक खबर पहुंचाने के लिए हमें dalitdastak@gmail.com पर ई-मेल करें या 9013942612 पर व्हाट्सएप करें।